किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर।
15 जून को मनाए जाने वाले यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों का विशेष स्वागत किया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से मुसाफिरों को गुलाब का फूल भेंट कर तिलक लगाया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत लोकनृत्य की प्रस्तुति भी आयोजित की गई।
इस अवसर पर एयरपोर्ट का माहौल उत्सवमय नजर आया। यात्रियों ने स्वागत कार्यक्रम की सराहना की और आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान एक नन्ही यात्री ने अपनी तोतली आवाज में हनुमान चालीसा का पाठ कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उसकी प्रस्तुति ने यात्रियों और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
हालांकि स्वागत कार्यक्रम के बीच यात्रियों ने एयरपोर्ट पर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर अपनी अपेक्षाएं भी सामने रखीं। कई यात्रियों ने टर्मिनल के बाहर अधिक पंखे और बैठने की व्यवस्था करने की मांग की, जबकि कुछ ने वॉशरूम सुविधाओं में सुधार, बेहतर कैफेटेरिया, बच्चों के लिए प्ले एरिया और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
यात्रियों का कहना है कि रायपुर एयरपोर्ट पर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण होने से सफर अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बन सकेगा।