किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
सरगुजा।
दरिमा गांव में अंग्रेजी शराब दुकान के विरोध में प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने राज्य सरकार की आबकारी नीति और महतारी वंदन योजना को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि यदि सरकार शराब की बिक्री से प्राप्त राजस्व के आधार पर महतारी वंदन योजना की आर्थिक सहायता दे रही है, तो उन्हें ऐसी सहायता स्वीकार नहीं है।
महिलाओं ने कहा कि गांव में शराब दुकान खुलने के बाद नशे की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति और सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि शराब की वजह से कई घरों में विवाद बढ़ रहे हैं और युवाओं का भविष्य भी खतरे में पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सरकार से मांग की कि गांव से अंग्रेजी शराब दुकान को तत्काल हटाया जाए और महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि आर्थिक सहायता से अधिक जरूरी परिवारों में शांति, सुरक्षा और नशामुक्त वातावरण है।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगी तथा बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगी।