किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर।
खेल जगत में छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। अब राज्य के चार म्यूथाई खिलाड़ी मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित होने वाली म्यूथाई वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन खिलाड़ियों में दो महिला और दो पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।
16 से 26 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय महिला म्यूथाई कोच और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी टिकेश्वरी साहू भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उनका पांचवां मुकाबला होगा, जबकि वर्ल्ड चैंपियनशिप में वह तीसरी बार प्रतिभागी के रूप में उतरेंगी।
प्रतियोगिता से पहले टिकेश्वरी साहू ने अपनी तैयारियों और अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि लगातार अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर वह बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
छत्तीसगढ़ के चार खिलाड़ियों का इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन राज्य के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और म्यूथाई जैसे खेलों के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है।
अब सभी की निगाहें कुआलालंपुर में होने वाली इस प्रतियोगिता पर हैं, जहां छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भारत के लिए पदक जीतने के इरादे से रिंग में उतरेंगे।