✍ सौरभ सिंह, यूपी स्टेट रिपोर्टर
इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
सिद्धार्थनगर: चिल्हिया क्षेत्र में 24 घंटे से बिजली गुल, भीषण गर्मी और उमस से जनता परेशान
सिद्धार्थनगर। जिले की शोहरतगढ़ तहसील के चिल्हिया क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन आई तेज आंधी, बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके चलते चिल्हिया और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
बिजली न होने से लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।