हाथवानी मोड पर कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर में जोरदार भिड़ंत, इलाज के दौरान टैंकर चालक की मौत
जिला ब्यूरो चीफ शिशिर शर्मा (सोनभद्र)
सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी मोड़ के पास शनिवार सुबह वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर कोयला लदे ट्रेलर और डीजल लोड टैंकर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी के पास डीजल लदा टैंकर हाथीनाला की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर चालक ने ओवरटेक करने के प्रयास में टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में टैंकर चालक राजू यादव उम्र करीब 34 वर्ष पुत्र हृदय यादव निवासी आर-16 इंदिरा नगर, हाजी बुंदर रोड, सेवड़ी (ई), मुंबई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना राहगीरों ने हाथीनाला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उदयभान राव मौके पर पहुंचे और घायल चालक को एसीपी टोल वेज की एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजवाया।
जहां चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं कोयला लदे ट्रेलर का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
हादसे के बाद डीजल टैंकर से तेल सड़क पर गिरने लगा, जिसे देखकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग बाल्टी और जरकिन में डीजल भरकर ले जाते हुए दिखाई दिए।
इस संबंध में हाथीनाला थाना प्रभारी उदयभान राव ने बताया कि डीजल टैंकर हाथीनाला की तरफ जा रहा था, तभी सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। घायल चालक को तत्काल चोपन अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर आवागमन बहाल कराया गया।