राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कटनी पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम नागरिकों, व्यापारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों से संवाद कर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं क्षेत्र की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान लोगों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि कटनी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता मुहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व नजर आए तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है।
कटनी पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट, टिप्पणी अथवा सामग्री साझा करने वालों की लगातार निगरानी की जा रही है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।