समाधान दिवस पर २३ शिकायतों का हुआ निस्तारण, साफ-सफाई व पेयजल पर फोकस
जिला ब्यूरो चीफ : शिशिर शर्मा (सोनभद्र )
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जन शिकायतों की सुनवाई एवं उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले समाधान दिवस (सम्भव) के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद सोनभद्र में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद तथा अधिशासी अधिकारी श्री मुकेश कुमार ने की जनसुनवाई के दौरान विभिन्न नगरीय निकायों से कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें नगर पालिका परिषद में 2, नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में 3, चोपन में 5, ओबरा में 4, पिपरी में 3, दुद्धी में 3, डाला बाजार में 1 तथा अनपरा में 2 शिकायतें दर्ज की गईं। नगर पंचायत घोरावल एवं रेनुकूट में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल, मार्ग प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित थीं, जिनका मौके पर ही अथवा त्वरित कार्रवाई कर निस्तारण कराया गया। अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी निकायों द्वारा गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर निकायों के जनप्रतिनिधि, सदस्यगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।