सहारनपुर। थाना बेहट पुलिस ने झपटमारी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना से संबंधित पीली धातु का एक कुंडल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 30 जून को सुनैटी पठलोकर निवासी सविता पत्नी पप्पू सैनी ने थाना बेहट में तहरीर देकर बताया था कि बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके दाहिने कान से कुंडल छीन लिया था। इस संबंध में थाना बेहट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर मस्करा नदी से पहले ग्राम मुर्तजापुर जाने वाले रास्ते पर आम के बाग के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारिक पुत्र जाकिर हुसैन निवासी मुजफ्फराबाद (थाना फतेहपुर) तथा नौशाद पुत्र मुख्तियार अली निवासी बड़ा छुटमलपुर (थाना फतेहपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में छीना गया पीली धातु का एक कुंडल बरामद किया है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़