राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में हुई हल्की बारिश ने ही विकास कार्यों की जमीनी हकीकत उजागर कर दी। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई सड़कों को सीवर लाइन बिछाने के नाम पर जगह-जगह खोद दिया गया है। कई स्थानों पर सड़कों की मरम्मत अधूरी है, जबकि कहीं गहरे गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हादसों की आशंका भी लगातार बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि सीवर लाइन का कार्य पूरा होने के बाद भी सड़कों का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण नहीं किया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करने वाले नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी आखिर मौन क्यों हैं? यदि ठेकेदार द्वारा मानकों के अनुरूप सड़कें नहीं बनाई गईं, तो अब तक उसके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
शहरवासियों का कहना है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित होनी चाहिए। अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन और संबंधित अधिकारी इन समस्याओं का स्थायी समाधान कब तक सुनिश्चित कर पाते हैं।