मरम्मत के दौरान हुआ हादसा, मलबे में दबे तीनों को लोगों ने सुरक्षित निकाला; पुलिस जांच में जुटी
शामली। जनपद शामली के थाना भवन क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की टीन और साइड की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से पिता और उनके दो बेटे मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। दोनों बेटों का उपचार जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय पिता अपने दोनों बेटों अरमान और नमन के साथ मकान के पास मौजूद थे। अचानक टीन और साइड की दीवार गिरने से तीनों मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को बाहर निकाला और तत्काल शामली के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही थाना भवन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।थाना भवन प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की टीन और साइड की दीवार कमजोर होकर गिरने की आशंका सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।वहीं, नाम न छापने की शर्त पर एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसा टीन और साइड की दीवार की मरम्मत के दौरान हुआ। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है।इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुराने और जर्जर मकानों की समय-समय पर जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
जिला ब्यूरो चीफ: तल्हा मिर्ज़ा, शामली