छिंदवाड़ा : आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान स्टेशन ऑपरेटिंग अधिकारी नरेंद्र चाहर के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के विरोध में देशभर के स्टेशन मास्टर्स ने सोमवार रात 12 बजे से काली पट्टी (ब्लैक बैज) बांधकर ड्यूटी की। यह राष्ट्रव्यापी विरोध ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (AISMA) के आह्वान पर शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया।
AISMA ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान रेलवे कर्मचारियों के साथ हिंसा और दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। संगठन ने दोषियों के विरुद्ध तत्काल एवं सख्त कार्रवाई, स्टेशन मास्टर्स की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि स्टेशन मास्टर्स चौबीसों घंटे यात्रियों की सुरक्षित रेल संचालन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना रेलवे प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। AISMA ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो देशभर में चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। साथ ही सभी स्टेशन मास्टर्स से संगठन के शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम में एकजुट होकर सहयोग देने की अपील की गई है।