छिंदवाड़ा: देहात थाना पुलिस ने खजरी गांव में हुई सोने-चांदी के जेवरात चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 95 हजार रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खजरी निवासी फरियादी ने 11 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ बाहर गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई पड़ताल के आधार पर पुलिस ने अनुज देशमुख (19) एवं भावेश परतेती (18), दोनों निवासी खजरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गए चांदी के आभूषण तथा सोने के जेवर बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 95 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना देहात की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।