दिनांक: 14 जुलाई 2026, मंगलवार | समय: दोपहर 12:00 बजे
बस्ती। जिले के दसिया क्षेत्र में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में किसानों द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को मंगलवार को नया बल मिला, जब बस्ती के समाजवादी पार्टी सांसद रामप्रसाद चौधरी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
सांसद ने कहा कि विकास और औद्योगीकरण के नाम पर किसानों तथा स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना को लागू करने से पहले प्रभावित लोगों की सहमति और उनकी चिंताओं का समाधान आवश्यक है। इस दौरान पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
रामप्रसाद चौधरी ने कहा कि जनता का हित सर्वोपरि है और किसानों की जायज मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
— इंद्रजीत त्रिपाठी, ब्यूरो चीफ, आईटीएन नेशनल न्यूज, बस्ती