किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर।उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ फेसबुक पर कथित रूप से अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरु घासीदास वार्ड क्रमांक-48 के पार्षद महेश कुमार ध्रुव की शिकायत पर पुलिस ने फेसबुक आईडी “Lalit Tandi Lalit” के संचालक ललित तांडी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 353(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
शिकायत के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 को पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की थी। आरोप है कि उसी पोस्ट पर उक्त फेसबुक आईडी से विधायक पुरंदर मिश्रा के लिए अश्लील, अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की गई।
पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अब सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।