राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला शाखा कटनी ने मंगलवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण एवं विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने मध्य प्रदेश सरकार के नवीन पदोन्नति नियम-2025 के तहत जिले के पात्र कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश शीघ्र जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि ज्ञापन में जिले के सभी विभागों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए नवीन पदोन्नति नियम-2025 का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने, सभी विभागों की वरिष्ठता सूची जारी करने, ई-अटेंडेंस से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने तथा जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की नियमित बैठक आयोजित करने की मांग की गई है।
इसके अलावा विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की लंबित प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की भी मांग की गई। संघ का कहना है कि इन मांगों के पूरा होने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनेगी।
जिला कलेक्टर ने संघ के प्रतिनिधिमंडल को मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए संबंधित मामलों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
इस दौरान संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश जसूजा, अजीमुद्दीन शाह, नीलेश, धर्मेंद्र राज, राकेश पांडेय, अभिषेक सिंह, आयुष पांडेय, नरेश राठौर, सुशील यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।