राजेश कुमार तिवारी | कटनी न्यूज़ 24
कटनी। शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को शीघ्र बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस दौरान नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार भी उपस्थित रहीं।
कलेक्टर ने अमीरगंज स्थित एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एमएसडब्ल्यू) प्लांट, माधवनगर के 7.5 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), कटाएघाट में अमृत 2.0 योजना के तहत विकसित हो रही वाटर बॉडी रेजुवेनेशन परियोजना, अमकुही जल शोधन संयंत्र, के.सी.एस. स्कूल परिसर में निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी तथा पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
एमएसडब्ल्यू प्लांट में कलेक्टर ने कंट्रोल रूम, आईटी आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम, कचरा संग्रहण वाहनों की ट्रैकिंग व्यवस्था और कचरा प्रसंस्करण प्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर से प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने तथा पुराने कचरे एवं आरडीएफ सामग्री के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही अतिरिक्त टिपिंग स्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
माधवनगर स्थित एसटीपी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शेष घरों में सीवर कनेक्शन जल्द पूर्ण कर प्लांट को उसकी पूर्ण क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपचारित जल का उपयोग पार्कों, हरित क्षेत्रों, औद्योगिक इकाइयों और रेलवे सहित अन्य संस्थानों में किए जाने पर जोर दिया।
कटाएघाट में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पाथवे, पिचिंग, रेलिंग, घाट की सीढ़ियों, उद्यान एवं बैठने की व्यवस्थाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित करने तथा भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त एनीकट निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अमकुही जल शोधन संयंत्र परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने भिलमा तथा नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने जामुन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने परिसर में प्रस्तावित पौधारोपण स्थलों का भी निरीक्षण किया।
के.सी.एस. स्कूल परिसर में निर्माणाधीन आधुनिक ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवन, लाइटिंग, लिफ्ट, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर लाइब्रेरी शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्रा सोनम पटेल से संवाद कर मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना के निरीक्षण में कलेक्टर ने उपलब्ध एवं आवंटित प्लॉटों की जानकारी लेकर शेष प्लॉटों के आवंटन के लिए जल्द दूसरी निविदा प्रक्रिया शुरू करने, पारदर्शी व्यवस्था अपनाने तथा ट्रांसपोर्टरों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि उपज मंडी के पीछे प्रस्तावित थोक कपड़ा व्यापारियों के स्थल का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।