कैमोर (कटनी)। मध्यप्रदेश शासन के “नशामुक्त मध्यप्रदेश 2.0 – नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत कैमोर पुलिस ने बुधवार को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कैमोर के छात्र-छात्राओं के साथ नगर में जनजागरूकता रैली निकालकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर खलवारा बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता तख्तियां लेकर “नशे से दूरी है जरूरी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
रैली के समापन पर थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य पर इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर मनीष परते, नगर परिषद के कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली के दौरान थाना प्रभारी आशीष शर्मा के साथ आरक्षक अजीत तिवारी, अंकुल बागरी सहित पुलिस बल ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कैमोर पुलिस ने बताया कि “नशामुक्त मध्यप्रदेश 2.0” अभियान के तहत 30 जुलाई तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट