किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड में बुधवार देर रात बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। कंपनी के आईएफडी स्थित 15 टन ओल्ड शेड में फर्नेस क्रमांक D-1 के पंचर हो जाने से वहां कार्यरत तीन ठेका मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद संयंत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को कंपनी के व्यवसायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कंपनी की एंबुलेंस से जवाहरलाल नेहरू अस्पताल, सेक्टर-9, भिलाई रेफर किया गया।
घायलों की पहचान गेंद राम पटेल, नर्मदा प्रसाद पटेल (दोनों निवासी पलारी खुर्द) तथा पंचराम यादव (निवासी चांपा) के रूप में हुई है। तीनों मेसर्स अनमोल यादव के अधीन ठेका श्रमिक के रूप में पेंचिंग बारी मेन पद पर कार्यरत थे।
कंपनी प्रबंधन ने घटना की सूचना तत्काल चांपा थाना पुलिस को दे दी है। प्रबंधन के अनुसार, फर्नेस क्रमांक D-1 के पंचर होने से हादसा हुआ, जिसमें तीनों श्रमिक बर्न इंजरी का शिकार हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारणों का पता लगाने और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के लिए भी जांच की जा रही है। घायल मजदूरों का भिलाई के अस्पताल में उपचार जारी है।