किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
जगदलपुर। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना के मामले में कोड़ेनार पुलिस ने एक ट्रैक्टर जब्त किया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन छोड़ने का आदेश दिया था।
आरोप है कि कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद महिला आरक्षक ने ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। पीड़ित ने इसकी शिकायत ACB से की, जिसके बाद टीम ने शिकायत का सत्यापन कर जाल बिछाया।
जैसे ही महिला आरक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम स्वीकार की, ACB की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल ACB की टीम आरोपी महिला आरक्षक से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।