शामली। कोतवाली शामली पुलिस ने करीब ढाई लाख रुपये कीमत की फाइबर ऑप्टिक स्प्लाइसिंग मशीन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो स्प्लाइसिंग मशीनें तथा वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को दयानंद नगर निवासी रवि सिंह ने अपने घर से दो फाइबर ऑप्टिक स्प्लाइसिंग मशीन चोरी होने की रिपोर्ट कोतवाली शामली में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने जांच और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि पुत्र धीरेंद्र उर्फ पप्पन निवासी दयानंद नगर, थाना कोतवाली शामली तथा कासिफ पुत्र अब्दुल कलाम निवासी हाजीपुरा नाला पटरी, थाना कोतवाली शामली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई दोनों स्प्लाइसिंग मशीनें (अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 लाख) और घटना में प्रयुक्त हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला ब्यूरो चीफ: तल्हा मिर्ज़ा, शामली