स्टेट रिपोर्टर उत्तर प्रदेश – शुभम चौबे
बरेली। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को जनपद की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बदायूं जनपद के कछला घाट से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों के मार्ग का जनपद बदायूं सीमा (बॉर्डर) तक निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। मार्ग की नियमित सफाई कराई जाए, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता एवं विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा यातायात व्यवस्था इस प्रकार संचालित की जाए कि आम नागरिकों और कांवड़ियों दोनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन प्लान का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए और व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।