जनपद शामली में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना आदर्शमंडी पुलिस द्वारा विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में पुलिस टीम ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, व्हाट्सएप और फेसबुक अकाउंट क्लोनिंग, फेक जॉब ऑफर, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और लोन एप फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
अभियान के दौरान पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, क्यूआर कोड या मोबाइल एप्लीकेशन पर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करने से बचें।
पुलिस ने लोगों को मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेन्टिकेशन का उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराए।
शामली पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है। किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लालच देने वाली योजना पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रिपोर्ट: तल्हा मिर्ज़ा
जिला ब्यूरो चीफ, शामली