किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा स्थित अशोका आइकन फेस-1 कॉलोनी में एक कारोबारी के घर से करीब ₹70 लाख की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महज 12 दिन पहले काम पर रखे गए रसोइए पर अपने साथियों के साथ मिलकर नकदी, जेवरात, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार होने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी हासिल करने के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी में नकदी, जेवरात, दस्तावेज समेत कुल करीब ₹70 लाख का सामान चोरी हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी गई है।