नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मौज्जमपुर तुलसी में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान साहनपुर नगर पंचायत चेयरमैन एवं आज़ाद समाज पार्टी के मुरादाबाद मंडल प्रभारी खुर्शीद मंसूरी ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।सभा को संबोधित करते हुए खुर्शीद मंसूरी ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश से भाजपा सरकार को हटाने के लिए आज़ाद समाज पार्टी को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागिना लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आज़ाद लगातार दलित, मुस्लिम, पिछड़े और अन्य वंचित समाजों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठा रहे हैं। इसी कारण सभी वर्गों का समर्थन तेजी से आज़ाद समाज पार्टी को मिल रहा है।ज़िला उपाध्यक्ष सुखबीर प्रधान ने कहा कि नजीबाबाद विधानसभा को पिछले 15 वर्षों में अपेक्षित विकास नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं और मुस्लिम समाज के मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठा सके। उन्होंने कहा कि यदि जनता खुर्शीद मंसूरी को अवसर देती है तो नजीबाबाद में भी साहनपुर की तर्ज पर विकास कार्य कराए जाएंगे।कार्यक्रम में रईस अहमद, फिरोज़ अहमद, गुड्डू सरफराज, सलीम, हाजी शमीम, मोबीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।