गड्ढों में धान की रोपाई कर जताया विरोध, 7 दिन में सड़क नहीं बनी तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
विजयराघवगढ़, कटनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शुक्रवार को विजयराघवगढ़ जनपद के ग्राम कांटी स्थित स्कूल मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। परिषद के पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने सड़क पर बने जलभराव वाले गड्ढों में धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।प्रदर्शन के दौरान परिषद ने कहा कि लंबे समय से सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है। बरसात के मौसम में मार्ग पर जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्र समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।ABVP ने छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से स्कूल मार्ग का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर व्यापक एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।प्रदर्शन में SFS जिला संयोजक तरुण पांडे, नगर मंत्री सिद्धार्थ चौधरी (सिद्धू), नीरज शिवहरे, कुमकुम सिंह, राधा रजक सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट