प्रमोद शर्मा-: ब्यूरो बरेली
बरेली। सावन के पहले सोमवार को लेकर बरेली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। लाखों कांवड़ियों की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला अधिकारी अविनाश सिंह ने सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीएम ने बताया कि बरेली-बदायूं-भमोरा मार्ग से कछला घाट जाने वाले कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए पूरे रूट पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। प्रमुख शिव मंदिरों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में कई विश्राम स्थल बनाए गए हैं, जहां महिला और पुरुष कांवड़ियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, पेयजल, मेडिकल कैंप और आराम की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नवाबगंज मंडी समिति में तैयार किया गया ‘कांवड़ विलेज’ इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र है, जहां कांवड़ियों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य, विश्राम और दैनिक जरूरतों की सभी सुविधाएं मिल रही हैं।
जिला प्रशासन ने इस बार जनपद के प्रमुख प्रवेश द्वारों को आकर्षक लाइटिंग और सजावट से भव्य स्वरूप दिया है। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ियों का सम्मानपूर्वक स्वागत करने के साथ उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर सभी समुदायों के लोग श्रद्धालुओं का स्वागत कर रहे हैं, जो बरेली की गंगा-जमुनी संस्कृति और आपसी भाईचारे का संदेश देता है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि सावन का यह पावन पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।