रायरंगपुर, 5 अगस्त। आगामी 15 अगस्त को रायरंगपुर में उपखंड स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके पूर्व आयोजित तैयारियों के तहत पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च विद्यालय परिसर में दो दिवसीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय चेतना तथा रचनात्मक प्रतिभा का विकास करना था।
प्रतियोगिताओं में पहली कक्षा से लेकर महाविद्यालय स्तर तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को चार वर्गों—प्रथम से पंचम, षष्ठ से अष्टम, नवम से दशम तथा प्लस-टू से प्लस-थ्री—में विभाजित कर चित्रकला, भाषण, निबंध लेखन और देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं ओड़िया और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अलग-अलग आयोजित की गईं, जिससे विद्यार्थियों को अपनी अभिव्यक्ति का बेहतर अवसर मिला।
आयोजकों ने बताया कि आगामी 10 अगस्त को स्थानीय आसेका कार्यालय में संथाली (ओलचिकी लिपि) भाषा में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इससे क्षेत्र की भाषाई एवं सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ जनजातीय विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
दो दिवसीय प्रतियोगिताओं में रायरंगपुर ब्लॉक एवं नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का चयन कर लिया गया है। चयनित प्रतिभागियों को 15 अगस्त को स्थानीय स्टेडियम मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
यह कार्यक्रम रायरंगपुर के समूह शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन में एबीईओ हेम माझी, कार्तिक चंद्र कारुआ, उपखंड सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास रंजन महांति, कार्यालय कर्मचारी हरीश महापात्र एवं संग्राम बिश्वाल सहित सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार महांति ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
– हिमांशु शेखर प्रहराज, मयूरभंज