रायरंगपुर, 4 अगस्त। ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के बिजातला ब्लॉक अंतर्गत बड़ामतलिया–बिजातला मार्ग स्थित दामुडीगढ़ा चौक पर मंगलवार अपराह्न करीब 3:30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान बादामपहाड़ थाना क्षेत्र के चूलीभंगा गांव निवासी पांडर किस्कू के रूप में हुई है। हादसे में घायल महिला की पहचान सीतामणी सोरेन तथा नाबालिग आनंद किस्कू के रूप में हुई है। दोनों का इलाज रायरंगपुर उपखंड चिकित्सालय में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांडर किस्कू अपनी बेटी से बलरामपुर छात्रावास में मुलाकात कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दामुडीगढ़ा चौक के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो (वाहन संख्या OD11J-2343) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में विलंब हुआ। सूचना मिलने पर बड़ामतलिया अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रायरंगपुर उपखंड चिकित्सालय पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान पांडर किस्कू ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही रायरंगपुर ग्रामीण थाना प्रभारी बबीता रानी पुहान तथा एसआई आलोक सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और स्कॉर्पियो को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में केस संख्या 128/26 दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।