किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र के छठ घाट स्थित मुक्तिधाम में पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने मुक्तिधाम की मर्यादा और धार्मिक परंपराओं का हवाला देते हुए इसका विरोध किया। मामले की शिकायत वार्ड पार्षद के माध्यम से तोरवा थाने में की गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिवार ने चौकीदार से की थी बातचीत
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह के अनुसार, क्षेत्र के एक परिवार का पालतू कुत्ता मर गया था। इसके बाद परिवार कुत्ते के अंतिम संस्कार के लिए छठ घाट स्थित मुक्तिधाम पहुंचा। वहां मौजूद एक चौकीदार से परिवार ने बातचीत की और कुत्ते के अंतिम संस्कार की व्यवस्था कराने की बात कही।
परिवार का कहना है कि उन्होंने चौकीदार से मुक्तिधाम के साइड में अलग स्थान पर व्यवस्था कराने के लिए कहा था। परिजनों के मुताबिक, उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि अंतिम संस्कार मुक्तिधाम के किस हिस्से में किया जा रहा है।
लोगों ने जताया विरोध
घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिलने के बाद विरोध शुरू हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकीदार ने रुपये लेकर मुक्तिधाम परिसर में पालतू कुत्ते का दाह संस्कार कराया। लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम मानव शवों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित है और वहां पशु का अंतिम संस्कार करना उचित नहीं है।
विवाद बढ़ने के बाद स्थानीय पार्षद ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की।
अंतिम संस्कार कराने वाला युवक फरार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुत्ते का अंतिम संस्कार कराने वाला युवक घटना के बाद से फरार है। पुलिस संबंधित परिवार की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की भी जानकारी जुटा रही है।
तोरवा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।