किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। भगवान शिव को लेकर इंटरनेट मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को सिविल लाइन थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद बढ़ता जा रहा था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर हंसराज गोयल नामक व्यक्ति की ओर से भगवान शिव को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाली पोस्ट सामने आई थी। इसके बाद क्रिश्चियन फोरम से जुड़े अरुण पन्नालाल की ओर से भी कथित तौर पर आपत्तिजनक कमेंट किए जाने का आरोप लगा।
हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन
मामले की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया और मामले में कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अब इंटरनेट मीडिया पर की गई टिप्पणियों, पोस्ट और कमेंट से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद राजधानी में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।