रायबरेली। डलमऊ ब्लॉक क्षेत्र की ग्रामसभा लोदीपुर उतरावां से कैली जाने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान भारी डंपरों के लगातार आवागमन के चलते सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बाद सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने के साथ ही सड़क पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे दोपहिया वाहनों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए रास्ता तय करना मुश्किल हो जाता है।
स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बच्चे फिसलकर कीचड़ में गिर चुके हैं, जिससे उनके कपड़े खराब होने के साथ चोट लगने का भी खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों पर सड़क की मरम्मत की ओर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भारी वाहनों के आवागमन से सड़क को हुए नुकसान के बाद अब तक उचित मरम्मत नहीं कराई गई है।