हरैया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 190.635 किलो गांजा बरामद
दो बोलेरो वाहनों की छत में बने गुप्त तहखाने से मादक पदार्थ बरामद, नेपाल के तीन तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी जिला के हरैया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 190.635 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो बोलेरो वाहनों को जब्त करते हुए नेपाल के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हरैया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से मैत्री पुल के रास्ते दो बोलेरो वाहनों में भारी मात्रा में गांजा की खेप रक्सौल की ओर लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रक्सौल प्रितिश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मैत्री पुल के समीप वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान दंडाधिकारी, रक्सौल की मौजूदगी में बोलेरो वाहन संख्या बीआर25पी 6481 की छत की सीलिंग में बनाए गए गुप्त तहखाने से लाल प्लास्टिक में लिपटे 12 पैकेट बरामद किए गए, जिनका वजन 98.835 किलोग्राम था।
वहीं दूसरे बोलेरो वाहन संख्या बीआर05पी 2628 की छत की सीलिंग में बनाए गए तहखाने से लाल एवं उजले प्लास्टिक में लिपटे 17 पैकेट बरामद हुए। इनका वजन 91.800 किलोग्राम था। दोनों वाहनों से बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 190.635 किलोग्राम बताया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने नेपाल के परसा जिले के पोखरिया थाना क्षेत्र निवासी विष्णुदेव पटेल, तथा बारा जिले के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र के देवपुर टेटा निवासी रंजन पासवान और शिवचन्द्र साह कानू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ एवं दोनों बोलेरो वाहनों को जब्त कर लिया है। इस संबंध में हरैया थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी दल में अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रक्सौल प्रितिश कुमार, आदापुर के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक रंजय कुमार, रक्सौल के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक अरविन्द कुमार, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, पुलिस पदाधिकारी मिंटु कुमार सहित हरैया थाना के पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र सीमा बल की 47वीं वाहिनी, पनटोका की टीम शामिल रही।