दुद्धी (सोनभद्र)।दुद्धी तहसील क्षेत्र के विकास खंड बभनी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत घघरी के सहगोंडा गांव में भारी बारिश के कारण एक ग्रामीण का आशियाना और रोजगार का साधन ढह गया। यह दुर्घटना मंगलवार की रात मूसलाधार बारिश के दौरान हुई।
पीड़ित मकान/शेड मालिक देव बाबू पुत्र रामकिशन के अनुसार, रात में हुई भारी बारिश के कारण कच्चे मकान और शेड की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन अंदर रखी मशीन और अन्य जरूरी सामान मलबे के नीचे दबने से भारी क्षति हुई है, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत के प्रधान कृष्णानन्द सोनी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हरसंभव सरकारी मुआवजा तथा आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। प्रधान ने तत्काल मौके से ही लेखपाल से बातचीत कर नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करवा दी है।
इस दौरान राहत और सांत्वना देने के लिए मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य शिव कुमार, स्थानीय ग्रामीण उमंग गुप्ता समेत कई अन्य गणमान्य लोग व ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन से त्वरित सहायता की मांग
पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस प्राकृतिक आपदा में हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए पीड़ित देव बाबू को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा अपने कामकाज और जीवन को पटरी पर ला सकें।