दुद्धी (सोनभद्र)। आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और 6 सितंबर को पारंपरिक डोला जुलूस को देखते हुए श्री रामलीला कमेटी दुद्धी ने बुधवार को उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता को आवेदन देकर नगर के मुख्य मार्गों पर सुरक्षा, विद्युत, सड़क मरम्मत, सफाई व जलापूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। समिति ने कहा है कि इन कार्यक्रमों में भारी भीड़ इकट्ठा होती है और जुलूस मुख्य मार्गों से होकर गुजरेगा, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही जनसुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण सिद्ध हो सकती है।
पत्र में कमेटी ने बताया है कि शहर के कई स्थानों पर विद्युत के तार नीचे लटके हुए हैं और कुछ मार्ग गड्ढेदार हो चुके हैं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा व आयोजन की सुगमता प्रभावित होने की आशंका है। इसलिए उन्होंने संबंधित विभागों से मांग की है कि जुलूस मार्गों पर पड़े बड़े बड़े गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर पैचवर्क व मरम्मत कराई जाए ताकि रास्ते सुरक्षित व सुचारु हो सकें।
इसके अतिरिक्त कमेटी ने निर्देश देने का आग्रह किया है कि जिन स्थानों पर विद्युत तार नीचे लटके हैं, उन्हें तत्काल टाइट कराया जाए और 4 से 6 सितंबर तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नगर पंचायत को भी आदेश दिया जाए कि संपूर्ण नगर तथा जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई कराई जाए तथा त्योहारी अवधि में श्रद्धालुओं के लिए नियमित पेयजल व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाए।
श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रशासन व विभागों के पास आवश्यक कार्य कराने के लिए पर्याप्त समय है और उन्होंने जनहित व जनसुरक्षा को ध्यान में रखकर त्वरित कार्रवाई की अपील की है।