बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह
लोक अदालत का संदेश लेकर निकले 10 से अधिक प्रचार रथ, चालान में 50% तक छूट
मोतिहारी, 3 सितंबर। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण की ओर से 10 से अधिक प्रचार रथ रवाना किए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, DLSA श्री अभिषेक कुमार दास ने सुबह 10 बजे हरी झंडी दिखाकर रथों को रवाना किया।
मौके पर CJM श्री पुनीत कुमार तिवारी, विशेष न्यायाधीश श्री कमलेश चंद्र मिश्रा, ADJ श्री राज विजय सिंह, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री इसरार अहमद समेत अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे। सेंट्रल बैंक के LDM श्री के.एम. सिंह सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
DLSA सचिव श्री नितिन त्रिपाठी ने मीडिया को बताया कि प्रचार रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निस्तारण के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि यातायात चालान से जुड़े मामलों में लोक अदालत के माध्यम से 50 प्रतिशत तक की छूट/रिबेट का लाभ भी दिया जा रहा है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने लंबित मामलों को वर्षों तक लंबित रखने के बजाय लोक अदालत में आपसी सहमति से शीघ्र निस्तारित कराएं। साथ ही जिन लोगों के यातायात चालान लंबित हैं, वे लोक अदालत में उपलब्ध 50 प्रतिशत तक की छूट/रिबेट का लाभ उठाकर अपने चालानों का निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के शांतिपूर्ण, सरल और त्वरित समाधान का अवसर है, इसलिए अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठाएं।
- लोक अदालत में बैंक ऋण, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा सहित अन्य सुलहनीय मामलों का भी निस्तारण किया जाएगा।