बारीपदा, 4 सितंबर: पवित्र जन्माष्टमी के अवसर पर राज्य सरकार की सीएम किसान योजना के तहत रबी 2026-27 के लिए नुआखाई किस्त की सहायता राशि किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। भुवनेश्वर स्थित ओयूएटी परिसर के कृषि शिक्षा सदन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने किसानों के खातों में यह राशि हस्तांतरित की।इस चरण में राज्य के 41 लाख से अधिक छोटे एवं सीमांत किसान, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के किसान तथा भूमिहीन कृषक परिवार लाभान्वित हुए हैं। सीएम किसान योजना के तहत किसानों को वर्ष में दो किस्तों में कुल 4 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।इसी अवसर पर मयूरभंज जिला कृषि एवं किसान सशक्तिकरण विभाग की ओर से बारीपदा स्थित महाराजा श्रीरामचंद्र भंजदेव विश्वविद्यालय के एनेक्स कक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर हेमकांत साय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बारीपदा विधायक प्रकाश सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं सारसकणा विधायक भादव हांसदा और बड़साही विधायक सनातन बिजुली सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।जिला मुख्य कृषि अधिकारी ज्ञानबल्लभ दास ने स्वागत भाषण दिया और सीएम किसान योजना के उद्देश्य एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला।मुख्य अतिथि प्रकाश सोरेन ने कहा कि सीएम किसान योजना के तहत राज्य के 41 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी गई है। इनमें मयूरभंज जिले के 2 लाख 87 हजार 510 किसान लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि खेती के दौरान किसानों की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में यह सहायता कुछ हद तक मददगार साबित हो रही है।उन्होंने कहा कि किसानों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए सरकार विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। मुख्यमंत्री कृषि उद्योग योजना, मुख्यमंत्री कामधेनु योजना, कृषि विद्या निधि, कृषि ऋण में रियायत, धान के लिए प्रति क्विंटल 2,300 रुपये एमएसपी के साथ 800 रुपये इनपुट सहायता तथा पीएम किसान जैसी योजनाएं किसानों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।सम्मानित अतिथियों ने भी किसान कल्याणकारी योजनाओं के विभिन्न पहलुओं और उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों के सशक्तीकरण से विकसित भारत की परिकल्पना को और मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों, मत्स्य अधिकारियों, मृदा संरक्षण अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को सरकार की ओर से उपलब्ध विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।जिला मुख्य कृषि अधिकारी ज्ञानबल्लभ दास के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए सैकड़ों किसान और लाभार्थी शामिल हुए।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।