दुद्धी (सोनभद्र)।आज शनिवार को दुद्धी तहसील दिवस के अवसर पर मल्देवा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दुद्धी‑मल्देवा संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर जिलाधिकारी से जल्द मरम्मत/नवीनीकरण कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित यह मार्ग वर्तमान में अत्यधिक जर्जर और गड्ढायुक्त हो चुका है, जिससे दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि पहले केवल लगभग 500 मीटर सीसी रोड का सीमित निर्माण किया गया था, जबकि शेष मार्ग आज भी खराब स्थिति में है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। खासकर बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं यही मार्ग उपयोग करते हैं, जिनका आवागमन असुरक्षित हो गया है।
निरंजन जायसवाल ने कहा कि हमने कई बार मरम्मत की मांग की, प्रार्थना पत्र भी दिए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकला। अब तहसील दिवस के मौके पर यह मामला दोबारा प्रमुखता से उठाया गया है।
प्रार्थना पत्र में अनुरोध किया गया है कि संपूर्ण मार्ग की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत/नवीनीकरण कराया जाए ताकि क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों का आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके। स्थानीय लोगों ने कहा कि मांगों पर समय पर कार्रवाई न होने से इलाके में असंतोष बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कराते हुए संबंधित विभाग को गुणवत्तापूर्ण मरम्मत का आदेश देने की अपील की।
मौके पर आसपास के मल्देवा, बराईडाड़, बैरियाखाड़ी और बीड़र गांवों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्यक जनता मौजूद रहे ।