अशोकनगर। जिले में गैस रिफिल सप्लाई में लगातार मिल रही शिकायतों और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के सेल्स ऑफिसर की रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने डीसी गैस एजेंसी पर शिकंजा कसा है। एजेंसी संचालन में बड़े पैमाने पर जारी गड़बड़ियों के बाद कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने गोदाम को सील कर दिया है।
दरअसल, एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को समय पर गैस रिफिल न देना, वितरण में देरी और अनियमितता की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में भी दर्जनों आवेदन प्राप्त हुए थे। जब आइओसीएल सेल्स ऑफिसर ने एजेंसी की जांच की, तो शुरुआती तौर पर स्टॉक का मिलान सही नहीं पाया गया और रिफिल प्रदाय में गंभीर लापरवाही सामने आई।
शिकायतों की पुष्टि होने के बाद कलेक्टर अशोकनगर के सख्त निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने एजेंसी के गोदाम पर छापामार कार्रवाई करते हुए भौतिक सत्यापन किया और अनियमितताएं सही पाए जाने पर गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। उपभोक्ताओं के अधिकारों से खिलवाड़ और कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
@all