एटा। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव गदनपुर में आयोजित कुश्ती दंगल में जीत के इनाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बाहर से आए करीब एक दर्जन पहलवानों ने दंगल में अपने दांव-पेच आजमाए।अंतिम कुश्ती के लिए आयोजकों की ओर से 11 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।जानकारी के अनुसार गांव गदनपुर निवासी अनमोल पहलवान की ओर से कुश्ती दंगल का आयोजन कराया गया था।गुरुवार देर शाम करीब 7:30 बजे अंतिम कुश्ती जनपद हाथरस के तुर्कीपुरा निवासी अरविंद पहलवान और हाथरस के ही कुंवरपुर निवासी अजीत पहलवान के बीच हुई।कुश्ती में जीत के बाद अरविंद पहलवान का आरोप है कि उन्हें घोषित 11 हजार रुपये का इनाम नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने दंगल आयोजकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत कोतवाली देहात क्षेत्र की जावडा चौकी पर लिखित रूप में की।पहलवान की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस पूरे मामले में आयोजकों का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।अब सवाल यह है कि दंगल में घोषित इनाम की रकम पहलवान को क्यों नहीं दी गई और विवाद की वास्तविक वजह क्या है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में देवेंद्र सिंह उर्फ बंटी चौधरी प्रत्याशी जिला पंचायत वार्ड नंबर 15 ने किया