नरसिंहगढ़।
स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर नरसिंहगढ़ में विद्या भारती द्वारा आयोजित जिला स्तरीय समूह एवं एकल खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के कबड्डी वर्ग में सरस्वती शिशु मंदिर नरसिंहगढ़ के भैया एवं बहनों की दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में रोमांचक जीत दर्ज की। वहीं खो-खो स्पर्धा में भूरी विद्यालय के भैया-बहनों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में खिताबी जीत हासिल की। इसके साथ ही विभिन्न एकल विधाओं जैसे गोला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, तवा फेंक और दौड़ आदि में जिले भर के प्रतिभाशाली भैया-बहनों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में विजयी रहे खिलाड़ी आगामी 16 व 17 तारीख को करेली (नरसिंहपुर) में आयोजित होने वाले आगामी स्तर के मुकाबलों में दमोह जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भगवती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुआ।
उद्घाटन सत्र:
उद्घाटन सत्र की मुख्य अतिथि के रूप में आदरणीया डॉ. कुलदीप सहमी (सेवानिवृत्त प्राचार्य) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदरणीय गोकल सिंह (सरपंच, बड़ागांव) द्वारा की गई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में आदरणीय श्री हिम्मत सिंह ठाकुर (पूर्व सरपंच, इमली जोग), आदरणीय पंडित बृजेश कुमार पाठक (राजा साहब), आदरणीय विजय कुमार जैन (जिला सचिव, ग्राम भारती दमोह), आदरणीय सुधीर सप्रे (विशिष्ट मार्गदर्शक) एवं आदरणीय राजाराम मिश्रा (पूर्व प्राचार्य) मंचासीन रहे।
इस जिला स्तरीय महाकुंभ में जिले के विभिन्न विद्यालयों से कुल 280 प्रतिभागी भैया-बहन एवं 31 संरक्षक आचार्यों सहित कुल 311 लोगों ने सहभागिता की।
समापन एवं पुरस्कार वितरण सत्र:
प्रतियोगिता के समापन सत्र में समस्त विजयी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया-बहनों को मेडल, शील्ड एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन सत्र के मुख्य अतिथि आदरणीय श्री गौरव पटेल (प्रतिनिधि, जिला पंचायत दमोह) रहे एवं अध्यक्षता आदरणीय पंडित श्री बृजेश कुमार पाठक (राजा साहब) ने की।
इस सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में आदरणीय श्री विजय कुमार जैन (जिला सचिव), आदरणीय श्री लक्ष्मण सिंह लोधी (संभाग शारीरिक शिक्षक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), आदरणीया श्रीमती धनबाई लोधी, आदरणीया श्रीमती माया पटेल, आदरणीय श्री सुधीर सप्रे, आदरणीय श्री अरविंद पाठक, आदरणीय श्री जमुना प्रसाद पटेल एवं आदरणीय श्री लक्ष्मी प्रसाद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों एवं संकुल विद्यालयों के आदरणीय , प्रधानाचार्या, संरक्षक आचार्य बंधु तथा बड़ी संख्या में भैया-बहन उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का प्रधानाचार्य श्री परसराम सिंह ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।