दुद्धी(सोनभद्र)।स्थानीय भाऊराव देवरस राजकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय परिसर में छात्र-नौजवानों के बीच पीडीए जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने कार्यक्रम में भाग लिया और समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के दुद्धी विधानसभा अध्यक्ष छात्रसभा अजय यादव ने किया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम प्रभारी अखिलेश यादव (जिज्ञासु) की प्रमुख उपस्थिति रही। इसके अलावा स्थानीय कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष परमजीत सिंह, ओबरा डिग्री कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतीश यादव, रविन्द्र यादव राजू शर्मा, सहित अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-नौजवानों को समाजवादी पार्टी द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने छात्रों के बीच पार्टी के पूर्व कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और युवाओं के लिए संचालित योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्हें सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया।
वक्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल के दौरान लागू की गई विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में छात्र-नौजवानों और आम जनता के हित में कई योजनाएं संचालित की गई थीं, जिनमें से कुछ योजनाएं वर्तमान में बंद हैं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पार्टी के अनुसार इन बंद योजनाओं को पुनः शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के दौरान छात्र-नौजवानों से लोकतांत्रिक एवं सामाजिक विषयों पर जागरूक रहने तथा अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझने की अपील की गई। आयोजकों के अनुसार, सैकड़ों छात्रों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।