दुद्धी(सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव में आज बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब गुप्ता मोड़ के पास सोनार बस्ती में विपत गौड़ के खेत की झाड़ियों से एक नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। रास्ते से गुजर रहे ग्रामीण रामदास गौड़ ने जब झाड़ियों में जाकर देखा तो वहां एक नवजात बच्ची बिना कपड़ों के पड़ी रो रही थी।
रामदास ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही गांव के प्रधान बृजेश कुशवाहा मौके पर पहुंचे और डायल 112 पुलिस व 108 एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी।सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया। सीएचसी की चिकित्सक डॉ. मुस्कान ने बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद बताया कि नवजात पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित है।
पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद चाइल्ड केयर सोनभद्र की रेस्क्यू टीम सीएचसी दुद्धी पहुंची। टीम में शामिल सीएचएल केसवर्कर सीमा शर्मा, वरिष्ठ सहायक राजेश सिंह और सुपरवाइजर सत्यम चौरसिया ने चिकित्सकीय परीक्षण और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्ची को अपनी देखरेख में ले लिया।वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ऐसा माना जा रहा है कि किसी ने नवजात शिशु को जन्म देने के बाद लोक लाज के चलते झाड़ियां में फेंक दिया।