दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बे में आयोजित दो दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव का समापन आज बुधवार को भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के भव्य विसर्जन के साथ हुआ।
कस्बे के वार्ड नंबर एक प्राचीन हनुमान मंदिर और पंचदेव मंदिर में स्थापित गणेश भगवान की प्रतिमाओं को भव्य झांकी और डीजे की गूंज के साथ नगर भ्रमण कराया गया। ढोल तड़ासे और डीजे के साथ निकला यह जुलूस लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
बस स्टैंड, संकटमोचन मंदिर तिराहा,अमवार मोड़ सहित नगर भ्रमण के बाद जुलूस देर रात लगभग 9 बजे स्थानीय शिवाजी तालाब पहुंचा।जहां स्थानीय विद्वान पंडित देवेंद्र मिश्रा द्वारा विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणपति की प्रतिमाओं को जल में विसर्जित किया गया।
सुरक्षा के लिहाज से सीओ विनय प्रभारक साहनी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आया। कस्बे में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बा इंचार्ज श्यामजी सिंह अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ जुलूस में मुस्तैद रहे।