जोधपुर।
शहर के वार्ड नंबर 24 स्थित शिव कॉलोनी में सीवरेज लाइन की समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। क्षेत्र में लगभग रोजाना सीवरेज लाइन चोक होने और लीकेज की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे गटर का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। स्थिति यह है कि हर दूसरे दिन कॉलोनी की गलियों में बदबूदार पानी फैल जाता है, जिससे आमजन का आवागमन मुश्किल हो गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है। शिकायत के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचते तो हैं, लेकिन केवल औपचारिक कार्रवाई कर लौट जाते हैं। स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
गंदे पानी के कारण क्षेत्र में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, वहीं आसपास रहने वाले अन्य लोग भी इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। बदबू और गंदगी के चलते बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि शिव कॉलोनी की सीवरेज लाइन की तत्काल मरम्मत कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बार-बार होने वाली इस समस्या से निजात मिल सके।
जोधपुर से दिनेश कुमार की रिपोर्ट