झांसी। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार ने पुलिस परिवहन शाखा में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों का भी पूजन किया।
पूजा-अर्चना के दौरान शासकीय वाहनों एवं परिवहन शाखा में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों के सुचारु संचालन, सुरक्षित उपयोग और बेहतर रख-रखाव की कामना की गई। एसएसपी ने परिवहन शाखा में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारियों को शासकीय वाहनों की नियमित साफ-सफाई, समय-समय पर रख-रखाव तथा तकनीकी स्थिति की निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासकीय वाहनों की उचित देखभाल और समय पर तकनीकी जांच से उनकी कार्यक्षमता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। पुलिस विभाग के दैनिक कार्यों में वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उनके रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर/सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमरन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।