आउटसोर्सिंग कर्मचारी के तौर पर नौकरी लगवाने के नाम पर 1 लाख 72 हजार लेने का आरोप, एसडीएम से शिकायत*_
*कोंच।* नगरपालिका के एक सफाई कर्मचारी ने पालिका में काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मचारी एमटीएस पर नौकरी लगवाने के नाम पर कथित तौर पौने दो लाख की घूस लेने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। सफाई कर्मचारी ने कहा है कि घूस लेने वाला खुद को ईओ का खास बताता है। सफाई कर्मचारी ने यह आरोप लगाकर सनसनी मचा दी है कि नौकरी नहीं लगने पर जब उसने पैसा वापस मांगा तो उसे नौकरी से निकलवाने की धमकी दी जा रही है। उसने पूरे मामले की शिकायत एसडीएम से करते हुए उसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
उपजिलाधिकारी कोंच अभिनव कुमार को दिए शिकायती पत्र में नगरपालिका परिषद कोंच के स्थायी सफाई कर्मचारी जो अब सफाई नायक के तौर पर काम देख रहा है, प्रदीप कुमार पुत्र स्व. श्याम लाल ने बताया कि रामशरण गुप्ता कोंच नगरपालिका में आउटसॉर्सिंग से एमटीएस के पद पर कार्य कर रहे हैं और खुद को अधिशाषी अधिकारी का बहुत ही खास बताते हैं। कुछ दिन पूर्व रामशरण ने उससे कहा कि वह 1 लाख 72 हजार रुपये दे तो उसके दो लोगों को आउटसॉर्सिंग के माध्यम से सफाई कर्मचारियों के पद पर नगर पालिका कोंच में नौकरी लगवा दूंगा। उसने बातों में आकर कुछ माह पूर्व 1 लाख 42 हजार रुपये रामू पुत्र भरतलाल निवासी सेवढ़ा एवं पवन पुत्र मुकेश निवासी मोहल्ला तिलक नगर कोंच से रामशरण को दिलवाए और 30 हजार रुपये का मोबाइल भी उनको उसने दिया। रामू व पवन को जब नगर पालिका कोंच में आउटसॉर्सिंग से नौकरी नहीं मिली तो उसने रामशरण से पूरा पैसा वापस करने के लिए कहा लेकिन वह पैसा और मोबाइल वापस नहीं कर रहे हैं, ऊपर से उससे अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए नौकरी से हटाने की धमकी दी जा रही है, नियमित ड्यूटी पर भी नहीं भेजा जा रहा है। उसको यह भी धमकी दी जा रही है कि उनके ईओ साहब से अच्छे संबंध हैं, सो न पैसा वापस करेंगे और न ही उसे नगर पालिका कोंच में नौकरी करने देंगे। प्रदीप ने रामशरण द्वारा रामू व पवन के साथ जालसाजी का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके खिलाफ किसी षड़यंत्र के तहत यदि कोई कार्रवाई की जाती है तो उसकी सारी जिम्मेदारी नगरपालिका कोंच, ईओ व रामशरण गुप्ता की होगी। उसने एसडीएम से न्याय की गुहार लगाई है।
*कोतवाली पुलिस को जांच के लिए आदेशित किया गया है: SDM*
_इस पूरे मामले को लेकर एसडीएम अभिनव कुमार ने बताया कि नगर पालिका कर्मचारी की ओर से शिकायती पत्र दिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। कोतवाली पुलिस को जांच के लिए आदेशित किया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।