प्रेस नोट
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला बैतूल (म.प्र.)
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशानुसार बैतूल जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी शाहपुर सुश्री सेफा हाशमी के मार्गदर्शन में थाना बीजादेही पुलिस द्वारा ग्राम ढोढरामउ में गांजे की अवैध खेती का खुलासा कर बड़ी मात्रा में गांजे के हरे पौधे जब्त किए गए।
दिनांक 19 सितंबर 2026 को थाना बीजादेही पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम ढोढरामउ निवासी प्रेमलाल काजले द्वारा अपने खेत में बनी झोपड़ी के आसपास मक्का एवं तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे अवैध रूप से उगाए गए हैं। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों के साथ ग्राम ढोढरामउ स्थित हरदु वाला टेकड़ा पहुंची।
पुलिस टीम द्वारा खेत की तलाशी लेने पर झोपड़ी के आसपास फसल के बीच बड़ी संख्या में गांजे के हरे पौधे पाए गए। मौके पर पौधों की गिनती करने पर कुल 175 नग पौधे मिले, जिनकी ऊंचाई लगभग 3 से 8 फीट थी।
39.800 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त
मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से गांजे के पौधों का वजन किया गया। कुल 175 पौधों का वजन 39 किलो 800 ग्राम पाया गया। नियमानुसार दो नमूने, प्रत्येक 400 ग्राम, पृथक किए गए तथा शेष 39 किलोग्राम गांजे के हरे पौधों को विधिवत पैक कर सीलबंद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 1,56,000 रुपये बताई गई है।
मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई करते हुए जब्त सामग्री को सीलबंद किया गया। *भूमि स्वामी प्रेमलाल काजले पिता श्यामलाल काजले निवासी ग्राम ढोढरामउ के विरुद्ध* थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 68/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
प्रकरण में एक आरोपि की गिरफ्तारी हो चुकी है जिन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। दो अन्य आरोपी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबीश दी जा रही है
1–प्रेमलाल काजले पिता श्यामलाल काजले निवासी ग्राम ढोढरामउ थाना बीजादेही
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में एसडीओपी शाहपुर सुश्री सेफा हाशमी, थाना प्रभारी बीजादेही निरीक्षक रामकुमार मीणा, उपनिरीक्षक जी.एस. बिल्लौरे प्रधान आरक्षक गजानंद जी के प्रधान आरक्षक अरविंद राजपूत एवं आरक्षक सौरभ राजोरे एवं थाना बीजादेही के पुलिस बल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों का सेवन, विक्रय, तस्करी अथवा इनकी अवैध खेती कानूनन गंभीर अपराध है। नागरिक स्वयं मादक पदार्थों से दूर रहें और अपने आसपास होने वाली गांजे अथवा अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती, बिक्री एवं तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बैतूल पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा अवैध खेती, विक्रय एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।