मोतिहारी के आसमान में सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम का हवाई प्रदर्शन
मोतिहारी, 21.09. 2026
भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (SKAT) 25 सितंबर 2026 को मोतिहारी, बिहार में अपने एरोबेटिक प्रदर्शन के माध्यम से दर्शकों को रोमांचक हवाई कौशल, सटीकता और अनुशासन का प्रदर्शन प्रस्तुत करेगी।
2026 के प्रशिक्षण सत्र के सफल समापन के उपरांत सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम अपनी नवीनतम टीम संरचना के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में हवाई प्रदर्शनों की श्रृंखला के अंतर्गत मोतिहारी पहुंच रही है। इस वर्ष टीम में 5 नए सदस्य शामिल हुए हैं, जो अनुभवी टीम के साथ मिलकर सूर्यकिरण की उत्कृष्टता और पेशेवर मानकों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम भारतीय वायु सेना के 9 लाल और सफेद हॉक MK 132 विमानों के साथ प्रदर्शन करती है। भारत में हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा लाइसेंस के तहत निर्मित ये विमान विभिन्न जटिल एरोबेटिक मैन्युवर्स के दौरान असाधारण उड़ान क्षमता का प्रदर्शन करते हैं। लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और प्रतिष्ठित DNA मैन्युवर सहित विभिन्न करतबों के दौरान पायलटों के बीच उच्च स्तर की सटीकता, समन्वय और टीमवर्क देखने को मिलता है।
कुछ एरोबेटिक मैन्युवर्स के दौरान विमानों के बीच की दूरी 5 मीटर से भी कम होती है। ऐसी परिस्थितियों में प्रत्येक मैन्युवर पायलटों के उच्च स्तर के प्रशिक्षण, अनुशासन, कौशल और आपसी विश्वास का प्रमाण होता है।
हवाई प्रदर्शन को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए हॉक MK 132 विमानों में स्वदेशी रूप से विकसित रंगीन स्मोक पॉड्स लगाए गए हैं। भारतीय वायु सेना के बेस रिपेयर डिपो, नासिक द्वारा विकसित इस प्रणाली के माध्यम से विमान आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुआं-धाराओं के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के रंगों को प्रदर्शित करते हैं।
वर्ष 1996 में स्थापित सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम को एशिया की एकमात्र 9-विमानों वाली एरोबेटिक टीम होने का गौरव प्राप्त है। टीम ने भारत में 800 से अधिक हवाई प्रदर्शन किए हैं तथा चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर, UAE और दुबई सहित विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायु सेना का प्रतिनिधित्व किया है।
भारतीय वायु सेना की “Ambassadors of the Indian Air Force” के रूप में सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम देश और विदेश में भारतीय वायु सेना की व्यावसायिकता, अनुशासन और उत्कृष्टता का प्रतिनिधित्व करती है। अपने प्रदर्शनों के माध्यम से टीम युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने तथा उन्हें भारतीय वायु सेना की कार्य संस्कृति और मूल्यों से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
Su-30 MKI पायलट ग्रुप कैप्टन अजय दसरथी के नेतृत्व में टीम सटीकता, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्टता की भावना का प्रतीक है। 9 विमानों को एक इकाई के रूप में उड़ाने वाले प्रत्येक मैन्युवर में पायलटों के बीच समन्वय, विश्वास और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मोतिहारी में होने वाला यह प्रदर्शन बिहार के लिए विशेष महत्व रखता है। सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के मेडिकल ऑफिसर फ्लाइट लेफ्टिनेंट आदर्श चौधरी बिहार के ही निवासी हैं।
मोतिहारी में होने वाला यह हवाई प्रदर्शन युवाओं और आम नागरिकों को भारतीय वायु सेना की कार्यप्रणाली, पेशेवर उत्कृष्टता और उच्च प्रशिक्षण मानकों को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर प्रदान करेगा। विशेष रूप से सशस्त्र बलों में करियर बनाने की आकांक्षा रखने वाले युवाओं के लिए यह प्रदर्शन भारतीय वायु सेना की समृद्ध विरासत और मूल्यों से परिचित होने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।
9 हॉक विमानों को एक साथ सटीक फॉर्मेशन में उड़ते हुए और आसमान में तिरंगे के रंग बिखेरते हुए देखना मोतिहारी के लोगों के लिए एक विशेष अनुभव होगा। यह प्रदर्शन भारतीय वायु सेना की उड़ान क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क और उत्कृष्टता के उन मूल्यों को भी प्रदर्शित करेगा, जो सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम की पहचान हैं।
मोतिहारी, आसमान की ओर देखिए। सूर्यकिरण आ रही है।
सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम
भारतीय वायु सेना।
रिपोर्ट:: अमरजीत सिंह