रंगोली के जरिए छात्राओं ने दिखाया विकसित भारत का सपना, इसरो से पर्यावरण संरक्षण तक दिया संदेश
बालोद, छत्तीसगढ़, 22 सितंबर 2026: सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के जरिए ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ की परिकल्पना को जीवंत किया।
छात्राओं ने रंगोलियों के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ की तस्वीर प्रस्तुत करते हुए शिक्षित भारत, समृद्ध भारत, स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत का संदेश दिया। वहीं इसरो के अंतरिक्ष मिशन, रॉकेट प्रक्षेपण, 5-जी तकनीक और तकनीकी आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को भी रंगोलियों में उकेरा गया।
रंगोलियों में ‘सेव द टाइगर’ के जरिए वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे की गरिमा को भी दर्शाया गया। महाविद्यालय परिसर में सजी इन कलाकृतियों के माध्यम से छात्राओं ने आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
प्रतिभागी छात्राओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि ने उन्हें कला के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की सोच साझा करने का अवसर दिया। महाविद्यालय प्रबंधन और प्राध्यापकों ने छात्राओं के रचनात्मक प्रयास की सराहना की।

