ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन हिमाचल प्रदेश।
कसौली लोक निर्माण विभाग मंडल के अंतर्गत जंगेशु पंचायत के मसूलखाना गांव में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का गुरुवार को अधीक्षण अभियंता सोलन राकेश ठाकुर ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन में चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता ने निर्माण स्थल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र जैसे महत्वपूर्ण भवन के निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और प्रत्येक कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार पूरा किया जाए।निरीक्षण के दौरान राकेश ठाकुर ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन भवन को लेकर कुछ महत्वपूर्ण सुझाव उनके समक्ष रखे। अधीक्षण अभियंता ने लोगों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन पर तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यावहारिक एवं तकनीकी रूप से संभव सुझावों को निर्माण कार्य में शामिल करने के निर्देश दिए। इससे स्थानीय लोगों ने संतोष जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि मसूलखाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का अपना भवन बन जाने से जंगेशु पंचायत के साथ आसपास के अनेक गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वर्तमान में क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अधीक्षण अभियंता राकेश ठाकुर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन निर्माण के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए, ताकि काम समय पर पूरा हो सके और जल्द से जल्द नया भवन स्वास्थ्य विभाग को सौंपकर क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर सहायक अभियंता शिव कुमार, कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार एवं भवन निर्माण कार्य करता निजी ठेकेदार सुनील कुमार, तथा ठेकेदार नितेश कुमार तथा अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।